Saturday, May 9, 2026

रायपुर के रावाभाठा में संदिग्ध बम सामग्री मिलने से हड़कंप, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा, घर से तार और संदिग्ध केमिकल बरामद होने की सूचना, मौके पर पहुंची बम स्क्वॉड टीम

रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब वार्ड नंबर 13 स्थित एक मकान से संदिग्ध बम बनाने की सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर से तार, संदिग्ध केमिकल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आसपास के लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन के अंतर्गत आता है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मिले संदिग्ध सामान की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही हैं। बम स्क्वॉड की टीम संदिग्ध सामग्री की जांच में जुटी हुई है, जबकि खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।