
कोरबा। रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार आवाज उठाने वाली रेल संघर्ष समिति एक बार फिर सक्रिय नजर आ रही है। समिति की यह सक्रियता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक आलोक कुमार के 4 फरवरी को कोरबा प्रवास को लेकर हुई है। जीएम से मिलकर यात्रियों के हित में लंबित मांगों को पूरा कराने दबाव बनाया जाएगा। इसी सिलसिले में मंगलवार को समिति की एक बैठक टीपीनगर स्थित तुलसी भवन में आयोजित की गई थी। बैठक में समिति के सदस्यों के आह्वान पर रामपुर विधायक ननकीराम कंवर भी शामिल हुए। उन्होंने रेलवे से जुड़ी समिति की मांगों को न केवल जायज बताया वरन स्वयं ही आगे आकर प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग करने कहा है। यही नहीं उन्होंने 4 फरवरी को रेलवे स्टेशन पहुंचकर जीएम कुमार से मुलाकात कर समिति के मांग पत्र को सौंपते हुए बंद ट्रेनों को शुरू कराने की बात करने कहा है।
मंगलवार को हुई समिति की बैठक में रेलवे के जीएम से मिलने व अपनी बातों को प्रमुखता से रखते हुए दबाव बनाने की रणनीति बनाई गई। चर्चा का अहम बिन्दु यह बताया गया है कि 22 मार्च 2019 से पूर्व की स्थिति में यहां से चलने वाली सभी ट्रेनों को यथावत चलाया जाना है। सदस्यों ने बैठक में लंबे समय से मांगों पर रेल प्रबंधन द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी भी जाहिर की गई। इसके लिए कड़ा रुख अख्तियार करने की भी बात सामने आई है। लेकिन अंत में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जीएम का पहली बार कोरबा आना हो रहा है इसलिए हम शालीनता से मिलकर मांगों को पूरा कराने पर जोर देंगे। बैठक में ननकीराम कंवर, रामकिशन अग्रवाल, प्रेम मदान, अंकित सावलानी, मनोज अग्रवाल, कैलाश यादव, नरेश अग्रवाल,अंबरीश प्रधान, तुषार अग्रवाल व अन्य उपस्थित थे।








