बिलासपुर। शहर के कोटा क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में शराब दुकान के बाहर भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जहां खुलेआम अवैध तरीके से शराब बेचे जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान के पास संचालित चखना सेंटर को अवैध बिक्री के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ग्राहकों को वहीं से सीधे देशी शराब उपलब्ध कराई जा रही है। आरोप है कि एक पाव देशी शराब 200 रुपये में बेची जा रही है, जबकि इसकी निर्धारित कीमत इससे काफी कम है। ऐसे में शराब प्रेमियों से अधिक रकम वसूले जाने की बात भी सामने आ रही है।
जानकारी के मुताबिक पिछले कई दिनों से सरकारी दुकानों में देशी शराब की कमी बताई जा रही है। इसी का फायदा उठाकर अवैध शराब बिक्री का नेटवर्क सक्रिय हो गया है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर यह अवैध सप्लाई कौन कर रहा है और किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं आबकारी विभाग की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।







