Friday, July 17, 2026

स्कूल के लिए 12 छात्र 175km की साइकिल यात्रा पर:केशकाल स्कूल को इंग्लिश मीडियम किया, स्टूडेंट्स बोले- राज्यपाल से मिलकर अलग से हिंदी मीडियम की मांग करेंगे

कोंडागांव जिले के 12 छात्र अपनी मांगों को लेकर साइकिल से राजधानी रायपुर के लिए निकले हैं। सभी छात्र रायपुर में राज्यपाल अनुसूइया उइके से मुलाकात करेंगे। छात्रों की मांग है कि उनके सालों पुराने हिंदी मीडियम स्कूल को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम कर दिया गया है। ऐसे में एक ही भवन में 2 शिफ्ट में स्कूल चल रही है। छात्रों ने कहा कि इसी वजह से हमारी परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि हमारी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इन्हीं मांगों को लेकर राज्यपाल से मुलाकात करने के लिए राजधानी के लिए निकले हैं।

दरअसल, ये सभी छात्र जिले के शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल केशकाल के हैं। जो कक्षा 12वीं में पढ़ाई करते हैं। छात्रों का कहना है कि साल 1962 से स्कूल संचालित है। लेकिन, इसे हाल ही में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम में तब्दील कर इसके अस्तित्व को ही खत्म कर दिया गया है। स्कूली बच्चों का कहना है कि हमें जानकारी मिल रही है कि भविष्य में हमारी हिंदी मीडियम स्कूल बंद हो सकती है। हमारा विरोध इंग्लिश मीडियम का नहीं है, बल्कि इसे अलग से संचालित किया जाए। जिससे हमारा भी भविष्य खराब न हो।

सभी 12 छात्र केशकाल से साइकिल में राजधानी रायपुर के लिए भारत माता की जय-जयकार करते हुए निकलने। जब सभी कांकेर पहुंचे तो उन्हें पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने रोक लिया। छात्रों को आगे जाने नहीं दिया गया। ABVP और BJP के कार्यकर्ताओं को जब इस मामले की जानकारी मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद उनकी पुलिस से काफी देर बहस हुई। जिसके बाद सभी छात्रों को रायपुर जाने दिया गया।