दंतेवाड़ा जिले में 26 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर एक बार फिर सड़क पर उतर आए। कटेकल्याण ब्लॉक मुख्यालय में बुधवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने रैली निकाली। सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने फर्जी नक्सली मुठभेड़ बंद करने, पुरानी स्कूल का नाम स्वामी आत्मानंद न रखने की मांग को लेकर आंदोलन किया। वहीं, प्रशासन को चेताया है कि, यदि जल्द ही मांगे पूरी नहीं की जाती है तो बड़ा आंदोलन करेंगे।
दरअसल, कटेकल्याण ब्लॉक के अध्यक्ष भीमसेन मंडावी के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए ग्रामीण आए। भीमसेन ने बताया कि, अपनी इन मांगों को पहले भी प्रशासन के सामने रखा गया। लेकिन अब तक मांग पूरी नहीं हुई है। भीमसेन का कहना है कि, ब्लॉक के किसी भी स्कूल का नाम स्वामी आत्मानंद स्कूल नहीं रखा जाए। जो पुरानी स्कूल है उसे यथावत रखा जाए। हम स्कूल का विरोध नहीं कर रहे। लेकिन पुरानी स्कूलों का नाम न बदलें। निर्दोष लोगों को घरों से उठाकर नक्सली मामले में बंद कर दिया जाता है। ऐसे बंदियों को तत्काल रिहा किया जाना चाहिए।









