Sunday, August 2, 2026

6 महिलाओं की मौत के बाद पसरा मातम:ये अंतिम सफर होगा ये मालूम नहीं था;हर साल मेले में जाती थीं महिलाएं,भयावह था वो मंजर

अभनपुर से लगे केंद्री गांव में बुधवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में भिलाई की 6 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर सहित तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद घर पहुंची तो वहां सन्नाटा और मातम सा पसरा था। ज्यादातर घरों में ताला लगा था, कुछ घरों में लोग कुछ बता ही नहीं पा रहे थे। आस-पास के कई लोग फूट-फूटकर रो रहे थे।

टीम ने जब भिलाई के सुभाष नगर और बेदी कॉलोनी का जायजा लिया तो यहां परिजन तो नहीं मिले, लेकिन उनके पड़ोसी व रिश्तेदार मिले। सभी के आंखों में आंसू था। मोहल्ले में मातम सा पसरा हुआ था। उन्होंने बताया कि एक गाड़ी बुक करके सुभाष नगर और बेदी कॉलोनी की 8 महिलाएं और एक 15 साल की बच्ची माघी पुन्नी मेला में स्नान करने के लिए सुबह 4:00 बजे निकले थे। सुबह 6 से 6.30 के बीच महिलाओं के साथ गई बच्ची ने फोन करके अपने परिजनों को बताया कि ड्राइवर को नींद आने से उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई है। इसमें 4 महिलाओं की मौके पर मौत हुई। दो महिलाओं ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया है। इसके साथ ही चालक समेत 3 लोग गंभीर है, जबकि बच्ची की हालत ठीक है। इतना सुनने के बाद सभी महिलाओं के परिजन भिलाई से रायपुर के लिए रवाना हुए।

सड़क हादसे में मरने वालों में बेदी कॉलोनी की रहने वाली रीना चौधरी (41 वर्ष), रीना कर्मकार (55 वर्ष), सुचित्रा शाह (65) और सविता रानी धर (50 साल) की मौत हुई है। वहीं सुभाष कॉलोनी में रहने वाली अर्चना मोला (50 साल) और मीरा दास हैं। इसके अलावा काजल ताम्रकर और कविता दास सहित ड्राइवर की हालत गंभीर है। ड्राइवर रुआबांधा भिलाई का रहने वाला है। इसके साथ ही 15 साल की बच्ची को भी चोटें आई हैं, लेकिन वह खतरे से बाहर है। घटना में घायल हुए 4 लोगों का इलाज मेकाहारा रायपुर में चल रहा है।