सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीने से दहशत का पर्याय बने खूंखार ‘कबरा’ हाथी को आखिरकार वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। बुधवार को रामगढ़ में वन विभाग की टीम ने दो कुमकी हाथियों की मदद से उसे ट्रैंकुलाइज कर बेहोश किया। इस हाथी के हमले में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। पकड़ में आने के बाद अब उसे रेडियो कॉलर लगाने और सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।
6 महीने से वन विभाग के लिए चुनौती बना था कबरा हाथी
जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी पिछले छह महीनों से सरगुजा और सूरजपुर जिले के अलग-अलग इलाकों में विचरण कर रहा था। इस दौरान उसके हमलों में 19 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार जनहानि के कारण वन विभाग के सामने उसे पकड़ना बड़ी चुनौती बन गया था।
बताया जा रहा है कि कबरा हाथी 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था। झुंड के साथ रहने के कारण उसकी पहचान कर उसे अलग करना और ट्रैंकुलाइज करना मुश्किल हो रहा था। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों के दल की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
रामगढ़ में कुमकी हाथियों की मदद से किया ट्रैंकुलाइज
वन विभाग की टीम कई दिनों से कबरा हाथी को पकड़ने के लिए अभियान चला रही थी। मंगलवार रात हाथियों का झुंड सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में घूम रहा था। इससे पहले सोमवार को कुमकी हाथियों की मदद से कबरा को पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन ट्रैंकुलाइजर गन से निशाना चूक जाने के कारण अभियान सफल नहीं हो पाया था।
बुधवार सुबह हाथियों का झुंड रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंचा। इसके बाद वन विभाग की टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ मौके पर पहुंची। वन्यजीव चिकित्सक कुमकी हाथी पर सवार होकर कबरा के करीब पहुंचे और ट्रैंकुलाइजर गन से उसे बेहोश करने वाला डॉट मारा। डॉट लगने के बाद हाथी बेहोश हो गया और टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से अपने नियंत्रण में ले लिया।
रेडियो कॉलर लगाकर रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी
कबरा हाथी के पकड़े जाने के बाद अब वन विभाग की अगली तैयारी उसे रेडियो कॉलर लगाने की है। रेडियो कॉलर के जरिए उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। इसके बाद उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।
19 मौतों के बाद वन विभाग को मिली बड़ी सफलता
सरगुजा और सूरजपुर क्षेत्र में कबरा हाथी लंबे समय से लोगों के लिए खतरा बना हुआ था। उसके हमलों में 19 लोगों की मौत के बाद वन विभाग पर उसे पकड़ने का दबाव था। कई दिनों की निगरानी, लगातार प्रयास और कुमकी हाथियों की मदद से आखिरकार टीम को सफलता मिली है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि कबरा हाथी को रेस्क्यू सेंटर कब तक पहुंचाया जाता है।







