रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। पोस्ट मानसून सीजन के तीसरे चक्रवाती तूफान अकवान (Cyclone Akvan) के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। राजधानी रायपुर में गुरुवार से ही ठंडी हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश हो रही है। शुक्रवार, 20 नवंबर की सुबह भी कई इलाकों में बूंदाबांदी जारी रही। मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का प्रभाव अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिल सकता है। 20 और 21 नवंबर को दक्षिण, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। वहीं 22 से 25 नवंबर तक भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
CG Weather Alert: इन 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव जिले के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
Raipur Weather Today: राजधानी में बारिश, ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
चक्रवात अकवान के असर से राजधानी रायपुर में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार सुबह से ठंडी हवाएं चलती रहीं और रात में रुक-रुककर बारिश हुई। शुक्रवार सुबह भी बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वहीं प्रदेश में गुरुवार को दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Cyclone Akvan: 100 KM की रफ्तार से तटों से टकराने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान पिछले छह घंटों के दौरान करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ा। 19 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे यह 15.6 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.2 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था।
इसके 20 नवंबर की दोपहर तक गोपालपुर के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तूफान की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियां सक्रिय होने का अनुमान है।
धान खरीदी के बीच बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता
प्रदेश में धान खरीदी का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में चक्रवात के कारण बारिश की संभावना ने किसानों और धान उपार्जन केंद्रों की चिंता बढ़ा दी है। खुले में रखे धान को भीगने से बचाना बड़ी चुनौती बन सकता है।
इससे पहले चक्रवात अर्नब और मुरासु के प्रभाव से हुई बारिश के कारण कई किसानों की फसल प्रभावित हुई थी। अब एक बार फिर बारिश की आशंका के बीच किसानों को कटी हुई धान की फसल सुरक्षित रखने और उपार्जन केंद्रों में धान के उचित भंडारण की चिंता सता रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।





