Sunday, August 2, 2026

डॉक्टर अपहरण कांड में 5 गिरफ्तार:बिलासपुर के स्काई अस्पताल संचालक 4 दिन पहले हुए थे अगवा; साथ काम करने वाले 2 डॉक्टर और कर्मचारी UP से पकड़े गए

बिलासपुर जिले में स्काई हॉस्पिटल के संचालक और डॉक्टर प्रदीप अग्रवाल के अपहरण मामले में पुलिस ने दो डॉक्टरों सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक टेक्नीशियन और दो ड्राइवर भी शामिल हैं। सभी को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि लेनदेन के विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों को बिलासपुर लाने की तैयारी की जा रही है।

साइबर क्राइम SP निमेश बरैया ने बताया कि डॉक्टर शैलेन्द्र मसीह, मोहम्मद आरिफ, टेक्नीशियन फिरोज खान और ड्राइवर रिजवान के साथ एक अन्य साथी आरिफ को गिरफ्तार किया गया है। सबसे पहले रिजवान पुलिस के हत्थे चढ़ा। उससे हुई पूछताछ के बाद पुलिस बाकी आरोपियों के ठिकानों तक पहुंच गई। SP बरैया ने बताया कि डॉ. अग्रवाल की दिल्ली एयरपोर्ट से बरामदगी के बाद जुड़े आरोपियों की तलाश में लगी थी। डॉ. अग्रवाल से लेनदेन के चेक व कुछ दस्तावेज भी आरोपियों से बरामद हुए हैं।