छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कांग्रेस के पार्षद और सभापति पर अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। एक महिला ने कांग्रेस नेता पर खाद्य विभाग की रेड की धमकी देकर 50 हजार रुपए लेने और 2.5 लाख रुपए और मांगने के आरोप लगाए हैं। महिला ने बताया है कि कांग्रेस नेता ने पैसे लेकर कहा था कि रेड नहीं होगी। इसके बावजूद रेड हुई और बार-बार हमें डराया धमकाया गया है। इससे परेशान महिला ने कांग्रेस नेता सुशील सबलानी के खिलाफ भाटापारा थाना में केस दर्ज कराया है।
दरअसल, सुशील सबलानी भाटापारा शहर के मातादेवालय वार्ड से कांग्रेस पार्षद हैं और सभापति भी हैं। इसी वार्ड में रहने वाली उत्तरा केशरवानी ने सुशील के खिलाफ शिकायत की है। उत्तरा के पति प्रमोद केशरवानी शहर में राशन दुकान चलाते हैं। उत्तरा ने बताया है कि 28 सितंबर को सुशील ने उनसे कहा था कि आप लोग दुकान में अवैध रूप से बिक्री करते हैं। इस बात की शिकायत खाद्य विभाग को मिली है। खाद्य विभाग आपके दुकान मे रेड मारेगी। सुशील ने बताया कि अवैध बिक्री के संबंध में वीडियो भी हैं। यह बात सुनकर उत्तरा परेशान हो गई।









