छत्तीसगढ़ के सुकमा में रविवार देर रात CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स) जवान ने अपने साथियों पर AK-47 से फायरिंग कर दी। घटना में 4 जवानों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हैं। इनमें 2 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें चॉपर से रायपुर रेफर किया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है। अभी तक फायरिंग का सही कारण सामने नहीं आ सका है।
जानकारी के मुताबिक, घटना कोंटा विकासखंड के ग्राम लिंगनपल्ली स्थित 217 बटालियन कैंप की है। देर रात करीब 3.15 बजे CRPF जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से 2 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी कैंप में 85वीं बटालियन के जवानों का भी कैंप है। देर रात गोली चलने से हड़कंप मच गया। अन्य जवान दौड़ कर मौके पर पहुंचे। इसके बाद अफसरों को जानकारी दी गई।







