Saturday, August 1, 2026

हार्डवेयर कारोबारी के घर करीब 15 लाख की चोरी:बेटे की शादी के लिए कांकेर से रायपुर गया था पूरा परिवार, चोरों ने तिजोरी खाली कर दी

छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर के एक हार्डवेयर व्यापारी के घर में चोरों ने बड़ी चोरी की है। सूने मकान से लगभग 14.50 लाख रुपए कैश समेत सोने-चांदी के जेवरात पार कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि 28 नवंबर को कारोबारी परिवार बेटे की शादी करने के लिए रायपुर गया हुआ था। इस बीच चोरों ने घर के अलग-अलग कमरों में घुस कर सामान उथल-पुथल कर कर लाखों रुपए पार कर दिए हैं। बुधवार को जब परिवार के सदस्य लौटे तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। मामला कांकेर थाना क्षेत्र का है।

व्यवसायी अशोक राठी ने बताया कि, सुबह जब वे घर पहुंचे तो देखा सामान यहां-वहां फेंका हुआ था। अलमारी समेत लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था। पलंग से गद्दे, कपड़े समेत अन्य सामान को फैला दिया गया था। उन्होंने बताया कि लॉकर में लगभग 13 लाख रुपए और उनके बेटे के कमरे में लगभग डेढ़ लाख रुपए कैश रखे हुए थे। जिसे चोरों ने पार कर लिया। इसके अलावा डेढ़ लाख रुपए के सोने के जेवरात समेत करीब ढाई लाख रुपए के चांदी के बर्तन और जेवरात भी चोरी हो गए हैं।