Tuesday, August 4, 2026

छात्र का 30 घंटे बाद भी सुराग नहीं:नहाने के दौरान डूब गया था, नहर से पानी किया गया कम; अब कल शुरू होगा रेस्क्यू ऑपरेशन

छत्तीसगढ़ के कोरबा में नहर में डूबे 9वीं के छात्र का घटना के 30 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं है। वो रविवार को दोस्तों के साथ नहाने गया था। इसी दौरान गहराई में डूबकर बह गया था। इसके बाद से गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है। मगर अब तक उसका कुछ पता नहीं चला है। इस बीच सोमवार को नहर से पानी कम कर भी उसकी तलाश की गई है। मामला CSEB चौकी क्षेत्र का है।

रविवार को तलाश करने के बाद जब लड़के का कुछ पता नहीं चला था। इसके बाद सोमवार सुबह से प्रशासन और गोताखोरों की टीम नहर में गई थी। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण उसका पानी कम भी किया गया। मगर सोमवार दिनभर उसका कुछ पता नहीं चला। धीरे-धीरे कर दिनभर बीत गया। अब शाम होने की वजह से गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया है। मंगलवार को फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। जानकारी मिली है कि बिलासपुर से NDRF की टीम भी सोमवार शाम को यहां पहुंच गई है।