Thursday, September 24, 2026

कलेक्टर श्रीमती साहू ने गौठान पहुंच कार्यक्रम की समीक्षा की, गोठानों में संचालित गोबर खरीदी, आजीविका गतिविधियों सहित बिजली,पानी की व्यवस्थाओं की ली जानकारी

कोरबा 13 अप्रेल 2022/कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने गौठान पहुंच कार्यक्रम के तहत जिला अधिकारियों द्वारा जिले के गौठान भ्रमण के पश्चात गौठान की अद्यतन स्थिति के बारे में समीक्षा की। उन्होने जिला अधिकारियों से गौठान भ्रमण के दौरान गौठान निरीक्षण के अनुभवों और गौठानों से संबंधित समस्याओं-सुझावों की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती साहू ने अधिकारियों से गौठान में उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, गौठान संचालन एवं महिलाओं द्वारा की जा रही आजिविका गतिविधियों की जानकारी अधिकारियों से ली। कलेक्टर श्रीमती साहू ने समीक्षा के दौरान गौठानों में गोबर खरीदी की मात्रा, गोबर खरीदी भुगतान, केंचुओं की उपलब्धता, गौठानों में चारा, पानी की उपलब्धता, बिजली, पशुओं की संख्या, आदि की बिन्दुवार समीक्षा की। साथ ही बिजली, पानी आदि मूलभूत चीजों की जरूरत वाले गौठानों में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठानों में महिलाओं के आजीविका गतिविधियों के लिए बकरी पालन, मुर्गी पालन आदि के शेड बनाने के भी निर्देश दिए। साथ ही जिले के सभी गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट भण्डारण के लिए कमरा और शेड बनाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्रीमती साहू ने ग्रामीण महिलाओं को गौठान से संलग्न कर आजीविका गतिविधियों में जोड़ने तथा मल्टीएक्टिविटी के कामों में संलग्न कर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के निर्देश दिए।