Monday, June 15, 2026

ठगी का मामला:सोलर पैनल सप्लाई करने का झांसा देकर एक कारोबारी से ठगों ने 70 लाख रुपए की ठगी कर ली; 3 पर केस

सोलर पैनल सप्लाई करने का झांसा देकर राजधानी के एक कारोबारी से ठगों ने 70 लाख रुपए की ठगी कर ली। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। शैलेंद्र नगर में रहने वाले जयंत जैन शंखेश्वर एनर्जी के नाम से सोलर पैनल लगाने का कारोबार करते हैं।

व्यापार के ही सिलसिले में उनकी मुलाकात बिलासपुर में रहने वाले निशांत मसीह से हुई। दोनों के बीच 2021 में ट्रिना कंपनी के 676 केवी सोलर मॉड्यूल खरीदने का सौदा करीब 1 करोड़ 57 लाख 52 हजार रुपए में हुआ। जयंत ने पहले 2 लाख दिए उसके बाद माल सप्लाई के लिए दो बार में तो 70 लाख का पेमेंट कर दिया।

आधी से ज्यादा रकम लेने के बाद भी निशांत ने माल की सप्लाई नहीं की। जयंत ने उससे संपर्क किया तो निशांत ने नागपुर के अक्षय आर ठाकरे सुजाता की कंपनी को राशि भुगतान करने और माल जल्द सप्लाई करने का भरोसा दिलाया लेकिन सामान रायपुर नहीं पहुंचा। कुछ दिन बाद जयंत अपने एक साथी के साथ निशांत को लेकर नागपुर गया। वहां सुजाता, उसके पति निशांत और अक्षय से माल जल्दी सप्लाई करने कहा।

जयंत को भरोसा दिलाने के लिए उनलोगों ने 70 लाख का चेक भी दिया। जयंत वापस आ गया। कुछ दिनों बाद उनसे संपर्क किया तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। चेक भी बैंक से बाउंस हो गया। तब उन्होंने कोतवाली थाने में सुजाता, निशांत और अक्षय के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई।