Sunday, May 10, 2026

राशन कार्ड की विसंगतियों को दूर करने शुरू हुई पहल

अंबिकापुर।बलरामपुर जिले में राशन कार्ड वितरण में गड़बड़ी की शिकायतों को दूर करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर प्रभारी सचिव टोपेश्वर वर्मा ,खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बलरामपुर पहुंच चुके है।यहां खाद्य विभाग के अधिकारियों,कर्मचारियों की बैठक लेकर खाद्य सचिव ने व्यवस्था सुधार करने का कड़ा निर्देश दिया है।जिन हितग्राहियों ने मूख्यमंत्री से शिकायत की थी उनके घर पहुंचकर राशन कार्ड मिलने के बाद राशन उपलब्धता की जानकारी ली।सभी खाद्य निरीक्षकों की बैठक लेकर आदेशित किया कि पंचायत सचिवों के साथ मिल कर पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतों को दूर करने का निर्देश दिया।बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बलरामपुर जिले के प्रवास के दौरान राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें मिली थी।मुख्यमंत्री ने खाद्य सचिव के माध्यम से शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए थे।खाद्य सचिव ने कुसमी में शशिकला बरगाह तथा डवरा में कविलासो बाई से मुलाकात की।इन दोनों ने राशन कार्ड नहीं होने की शिकायत की थी।मुख्यमंत्री ने राशन कार्ड उपलब्ध कराया था।इन दोनों को अब राशन मिलने लगा है।बलरामपुर की बैठक में खाद्य सचिव ने मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान राशन कार्ड बनाने एवं राशन वितरण के संबंध में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। खाद्य सचिव टोपेश्वर वर्मा ने खाद्य निरीक्षकों को पंचायत सचिवों के साथ ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का राशन कार्ड बनाने एवं पात्रतानुसार हितग्राहियों का नाम काटने व जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीन राशन कार्ड हेतु प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए ऐसे पात्र हितग्राही जो राशन कार्ड से वंचित हैं अथवा किसी प्रकार से उनका राशन कार्ड की सूची से नाम कट गया है, ऐसे हितग्राहियों का सर्वे कर राशन कार्ड बनाने एवं जो अपात्र हैं और बीपीएल राशन कार्ड के तहत लाभ ले रहे हैं, उनका सत्यापन करने कर नाम काटने संबंधी कार्रवाई करें।उन्होंने खाद्यान्न परिवहन में लगे वाहनों का जीपीएस सिस्टम के द्वारा सतत मानिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में राशन कार्ड बनाने हेतु आधार कार्ड अनिवार्य है तथा आधार कार्ड एवं बायोमैट्रिक अंगुठा के बिना राशन नहीं दिया जाना है। उन्होंने जिले में आधार सीडिंग की स्थिति एवं शेष बचे हुए आधार सीडिंग के संबंध में जानकारी ली तथा शेष सीडिंग शत प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।उनके साथ खाद्य विभाग के संचालक अभिनव अग्रवाल, कलेक्टर कुंदन कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीता यादव, सहायक संचालक खाद्य अनुराग भदौरिया, जिला खाद्य अधिकारी शिवेन्द्र कामठे साथ थे।