Wednesday, August 19, 2026

कीचड़ से पटा सड़क बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत, पैदल चलना भी हुआ दुभर, जनप्रतिनिधि सहित अधिकारी बने हुए हैं मूकदर्शक

कोरबा जिले में सड़कों की बदहाली छिपी नहीं है। कुछ सड़कों का हाल ऐसा है कि जूते हुए खेत की तरह नजर आ रहे हैं। इन्हीं में शामिल है करतला विकासखण्ड अंतर्गत सरगबुंदिया से कटबितला तक बन रही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क। निर्माण एजेंसी के द्वारा सड़क निर्माण आधा-अधूरा कर छोड़ दिया गया है। सड़क पर डाली गई मिट्टी बरसात में कीचड़ बन गई है। यह सड़क कोरबा-चाम्पा मुख्य मार्ग से कई गांवों को जोड़ती है और केवल एक ही मार्ग है। निर्माणकर्ता ठेकेदार और विभागीय स्तर पर धीमी गति/कार्य समय पर पूर्ण करने की उदासीनता का खामियाजा है कि पैदल चलना मुश्किल हो गया है। यह सड़क 15 जून 2022 तक बन जानी थी। विधायक- सरपंच से शिकायत के बाद भी हल नहीं निकला। विभाग के द्वारा अभी भी जल्द काम शुरू करने का आश्वासन दिया जा रहा है।