Sunday, July 5, 2026

नाराज बहू ने दांत से सास की उंगलियां काटीं:टीवी को लेकर हुई तू तू मैं मैं; महिला ने बीच-बचाव करने आए पति को भी जड़ा थप्पड़

महाराष्ट्र के ठाणे में टीवी को लेकर सास-बहू में झगड़ा हो गया। मामला इतना आगे बढ़ गया कि बहू ने दांत से सास की उंगलियां को काट लिया। बीच-बचाव करने आए अपने पति को भी थप्पड़ मार दिया। पुलिस का कहना है कि सास की उंगलियों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है।

घटना ठाणे जिले के अंबरनाथ शहर की एक सोसाइटी की है। बीते सोमवार की सुबह 32 साल की विजया कुलकर्णी (बहू) अपने घर पर टीवी देख रही थी। वहीं, 60 साल की वृषाली कुलकर्णी (सास) भजन गा रही थीं। इस दौरान उन्होंने बहू से टीवी का वॉल्यूम कम करने के लिए कहा, लेकिन बहू ने अनसुना कर दिया और आवाज कम करने के बजाय बढ़ा दिया।

बहू की हरकत से नाराज वृषाली ने उठकर टीवी बंद कर दिया। इसके बाद दोनों में झगड़ा हो गया और गुस्साई बहू ने सास का हाथ पकड़ लिया और दांतों से तीन उंगलियों को बुरी तरह से काट लिया। जिसके बाद महिला के हाथ से खून बहने लगा। इतने में विजया का पति झगड़े में बीच-बचाव करने की कोशिश करने लगा, तो उसने पति को भी थप्पड़ मार दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित की उंगलियों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।