Friday, July 3, 2026

ताना मारती थी सास, बहू ने हत्या कर दी

बलौदाबाजार जिले में एक बहू ने अपनी सास की बेरहमी से हत्या कर दी। उसने अपनी सास को इसलिए मार दिया क्योंकि वह आए दिन झगड़ा करती थी। बच्चा नहीं होने पर भी ताने मारती थी। इस बीच जब फिर से विवाद हुआ तब उसने धारदार हथियार( लोहे की रपली) से वारकर सास को मार दिया। इस मामले में पुलिस ने अब आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला सुहेला थाना क्षेत्र का है।

अमेरी निवासी खिलावन प्रसाद वर्मा ने थाने में शिकायत की थी। उसने बताया कि वह गुरुवार को कहीं काम से गया था। सुबह करीब 11-12 बजे के बीच वापस आकर उसने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने पर भी कोई दरवाजा नहीं खोल रहा था। ऐसे में वह किसी तरह से कूदकर अंदर गया, तब उसने कमरे के अंदर अपनी पत्नी प्यारी बाई(55) की खून से लथपथ लाश देखी थी। पुलिस ने खिलावन की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की थी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ शुरू की। परिजनों से भी पूछताछ की थी। तब पुलिस को पता चला कि घटना के वक्त घर में सिर्फ प्यारी बाई और उसकी बहू चंद्रप्रभा वर्मा(24) मौजूद थे। इसके बाद पुलिस ने बहू चंद्रप्रभा से भी पूछताछ थी। पूछताछ के दौरान पुलिस को ये भी पता चला कि चंद्रप्रभा को भी चोटें आई हैं। चंद्रप्रभा ने पुलिस को बताया कि वह गिरकर घायल हुई है। लेकिन पुलिस को उस पर पहले ही शक हो गया था। यही वजह थी कि पुलिस बहू से लगातार पूछताछ करती रही, काफी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।