Saturday, October 17, 2026

आश्रम से 4 छात्राएं गायब:7 दिनों से हैं लापता, अब तक नहीं मिली जानकारी, सुपरिटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी

नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में स्थित एक आदर्श आश्रम की 4 छात्राएं लापता हैं। ये बच्चियां पिछले 7 दिनों से लापता है। फिलहाल ये कहां गईं हैं इसकी जानकारी न तो इनके परिजनों को है और न ही अन्य किसी जिम्मेदार अधिकारी को।

शिकायत के बाद छात्राओं को ढूंढने का प्रयास जारी है। बताया जा रहा है कि, जिस इलाके में आश्रम है वह नक्सलियों का गढ़ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नक्सली भी छात्राओं को अपने साथ ले जा सकते हैं। मामला ओरछा थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, ओरछा के आदर्श कन्या आश्रम शाला की तीन और एकलव्य ओरछा की 1 छात्रा गायब है। ये सभी छात्राएं पिछले रविवार को आश्रम से कहां चली गईं, फिलहाल इसकी जानकारी आश्रम अधीक्षिका को भी नहीं है। सभी नाबालिग हैं। बताया जा रहा है कि, छात्राओं के परिजनों को इलाके के लोगों से उनके गायब होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद परिजनों ने आश्रम अधीक्षिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों ने बताया कि, उनकी बेटी मुस्कान कक्षा आठवीं में पढ़ाई करती है। उसकी सहेली ज्योति और प्रिया भी गायब हैं। वहीं कक्षा छठवीं में पढ़ने वाली छात्रा पूजा भी लापता है। परिजनों ने बताया कि, ये सभी घर नहीं लौटी हैं।