अंबिकापुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तीन सदस्यीय टीम ने बलरामपुर जिले के प्रभारी खनिज अधिकारी अवधेश बारीक से लगभग 12 घण्टे तक पूछताछ की।इस दौरान खनिज कार्यालय में दस्तावेजों की भी जांच की गई।सोमवार रात लगभग 12 बजे ईडी की टीम प्रभारी खनिज अधिकारी को साथ लेकर चली गई है। प्रभारी जिला खनिज अधिकारी अवधेश बारीक इसके पहले रायगढ़ में पदस्थ थे।
उनका मूल पद जिला सहायक खनिज अधिकारी का है लेकिन रायगढ़ के साथ बलरामपुर में भी वे प्रभारी जिला खनिज अधिकारी के पद पर कार्य कर रहे थे।छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन के विरुद्ध प्रति टन 25 रूपए की वसूली मामले में ईडी की जांच चल रही है। इसी मामले को लेकर ईडी की तीन सदस्यीय टीम ने सोमवार को बलरामपुर कलेक्टोरेट परिसर स्थित खनिज कार्यालय में दबिश दी थी।उस दौरान प्रभारी जिला खनिज अधिकारी कार्यालय में उपस्थित थे। ईडी की टीम ने प्रभारी खनिज अधिकारी को साथ लेकर कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की।







