बलौदाबाजार. सायबर सेल एवं थाना सिमगा की संयुक्त पुलिस ने एमपी गोवा शराब का जखीरा पकड़ा है. अनुपम पेट्रोल पंप दरचुरा के पास नाकाबंदी कर पुलिस टीम ने फिल्मी स्टाइल में पांच कुख्यात शराब तस्करों को धर दबोचा. आरोपियों से 90 पेटी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है. पिकअप और कार भी जब्त की गई है. आरोपियों से 23,820 रुपए नगद एवं 7 मोबाइल भी बरामद किया गया.
इस मामले में मुख्य सप्लायर भिलाई निवासी राजेश साहू उर्फ चीकू को भी गिरफ्तार किया गया. ये तस्कर सिमगा के रास्ते एमपी गोवा की शराब ला रहे थे. शराब परिवहन के दौरान बचाव के लिए कार द्वारा पायलेटिंग किया जा रहा था. पकडे गए आरोपियों में राजेश साहू उर्फ चीकू पिता सुरेन्द्र कुमार साहू देवरी थाना आरंग जिला रायपुर हाल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी उमंदा भिलाई-03 पुरानी भिलाई जिला दुर्ग, टिकेंद्र कुमार साहू पिता रामविलास साहू निवासी कुरूद थाना जमुल जिला दुर्ग, प्रदीप कुमार राजपूत पिता स्व. लव कुश राजपूत निवासी सुपेला भिलाई थाना सुपेला जिला दुर्ग, थामेश्वर देशमुख पिता रामधन निवासी सुपेला भिलाई थाना सुपेला जिला दुर्ग, अजय कुमार साहू पिता कन्हैया लाल साहू निवासी सुपेला भिलाई थाना सुपेला जिला दुर्ग शामिल हैं.
एसपी दीपक कुमार झा के निर्देशन में अवैध गतिविधियों में लिप्त अपराधियों, शराब तस्करों एवं मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्यवाही लगातार जारी है. रात्रि में शराब तस्करों द्वारा मध्यप्रदेश अनूपपुर से भारी मात्रा में मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी गोवा शराब लोड कर ले जाने की सूचना पर सायबर सेल एवं थाना सिमगा की पुलिस टीम ने निरीक्षक रोशन राजपूत के नेतृत्व में ग्राम दरचुरा के अनुपम पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी किया.









