Tuesday, August 4, 2026

डेढ़ साल के बच्चे के दांत तोड़े फिर पटका, मौत:तांत्रिक 15 मिनट तक होश में लाने की कोशिश करता रहा

बुलंदशहर. बुलंदशहर में एक तांत्रिक ने इलाज के नाम पर पहले बच्चे के दांत तोड़ दिए। इसके बाद उसे जमीन पर पटक दिया। जिसके बाद बच्चा बेहोश हो गया। करीब 15 मिनट तक बच्चे को होश नहीं आने पर घरवाले उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा कर दिया। उनका कहना है कि तांत्रिक ने उनके बेटे को मार डाला। पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामला खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के गांव ढाकर का है।

बच्चे की मौत के बाद गुरुवार रात करीब 2 बजे कोतवाली पर परिजन ने हंगामा किया।

15 मिनट तक होश में लाने का करता रहा दावा
बच्चे के चाचा सौरभ ने बताया, “मेरी भाभी के डेढ़ साल के बेटे अनुज की गुरुवार रात को अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद हम लोग उसे गांव में ही रहने वाले एक तांत्रिक के पास ले गए। तांत्रिक ने इलाज के नाम पर पहले अनुज के कुछ दांत तोड़ दिए। इससे वह बेसुध हो गया।”