Friday, September 25, 2026

बिलासपुर में फैला आई फ्लू, 300 से ज्यादा मरीज मिले:तेजी से फैलता है संक्रमण, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

बिलासपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय के साथ ही अब शहर में भी आई फ्लू के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। पिछले दो दिन के भीतर शहर के अलग-अलग इलाकों में इसके 300 से ज्यादा मरीज मिले हैं। इसमें तालापारा, सरकंडा क्षेत्र के ज्यादा मरीज बताए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने इस बीमारी के लिए अलर्ट जारी किया है। साथ ही प्रभावित इलाकों में आई ड्रॉप सहित जरूरी दवाओं का वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता का ध्यान रखने व सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बीते सप्ताह मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में स्कूली बच्चों में आई फ्लू की शिकायत आई थी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्कूल में कैंप लगाकर बच्चों का इलाज कराया गया। दरअसल, बरसात के मौसम में आई फ्लू के मामले सामने आते हैं। लेकिन, इस बार मानसून की दस्तक के साथ स्कूली बच्चे इसके चपेट में आ रहे हैं।

यह फैलने वाली बीमारी है, इसलिए अभी इसके नियंत्रण पर ध्यान देना जरूरी है। आई फ्लू आंखों में महसूस होने और पानी आने पर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि वायरस, बैक्टीरिया फंगस का संक्रमण बढ़ा है। जिसके लिए सावधानी की जरूरत है।