दिल्ली के तिगड़ी इलाके में बुधवार सुबह एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि आरोपी चाकू मार रहा है और लोग बेबस खड़े हैं। युवक को बचाने की कोशिश नहीं कर रहे।
युवक की हत्या का जो वीडियो वायरल हुआ है, वह मोबाइल से शूट किया गया है। इसमें दिख रहा है कि दो बुक डिपो के बीच में एक युवक को गिराकर दूसरा उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर रहा है।
हमलावर लगातार चाकू मारता जा रहा है और दोनों दुकानों में मौजूद 6 से 7 लोग खड़े होकर काउंटर के पीछे से झांक रहे हैं। काफी देर बाद एक दुकान से एक व्यक्ति बाहर आता है, लेकिन खुद मदद करने के बजाय लोगों से मदद करने को कहता है। तब तक हमलावर चाकू मारना जारी रखता है।
इसी बीच भीड़ में से एक व्यक्ति आता है और अपनी परवाह किए बिना हमलावर को पकड़ लेता है। हमलावर के जिस हाथ में चाकू होता है, उस हाथ को पकड़कर वह मोड़ देता है।
यह देख भीड़ में से एक और आदमी आता है। वह हमलावर के हाथ में लाठी मारकर चाकू छुड़ाता है। इसके बाद बाजार के लोग हमलावर को लाठी से पीटने लगते हैं, लेकिन घायल युवक की सुध कोई नहीं लेता।











