प्रयागराज में शुक्रवार को एक वीडियो ने पूरे सिस्टम को झकझोर कर रख दिया। पैसे न होने की वजह से एक युवक ने अपने ससुर की मदद से पत्नी की लाश को पहले बांस के सहारे बांधा। फिर उसे लेकर झूंसी से दारागंज घाट की ओर चलने लगा।

दोनों करीब 5 किलोमीटर तक पैदल चलते गए। इसके बाद लोगों ने देखा तो उसकी मदद की। इसके बाद ई-रिक्शा पर लाश को अंतिम संस्कार के लिए दारागंज घाट पर भेजा गया। वहां अंतिम संस्कार कराया गया।
- आइए अब जानते हैं पूरा मामला

पति के पास नहीं थे पत्नी के इलाज के पैसे
नखड़ बनारस के रहने वाले हैं। प्रयागराज के झूंसी के नीबी कला गांव में रहकर पत्तल बनाकर बेचते हैं। उनके साथ पत्नी अनीता (26) भी रह रही थी। अनीता भी पत्तल बनाने में पति की मदद करती थी। इधर, कुछ दिनों से अनीता की तबीयत खराब थी। मगर, नखड़ के पास उसके इलाज के लिए पैसे नहीं थे।


इलाज के अभाव में पत्नी अनीता की शुक्रवार को मौत हो गई। नखड़ के कुछ रिश्तेदार दारागंज में रहते हैं। नखड़ ने उनसे बात की और अपने ससुर को बुला लिया। रुपए के अभाव में नखड़ ने एक बांस का जुगाड़ किया। साड़ी से बांस के दोनों छोर पर बांधकर अनीता के शव को लेकर दारागंज घाट पर अंतिम संस्कार करने निकल पड़ा।











