Monday, May 4, 2026

उत्तरकाशी टनल में फंसे मजदूरों का पहला VIDEO:गिनती की गई, सभी 41 लोग सुरक्षित; बोतल में भरकर पहली बार गर्म खिचड़ी भेजी गई

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल में 10 दिन से फंसे 41 मजदूरों का मंगलवार को पहला फुटेज सामने आया। 6 इंच चौड़ी नई पाइपलाइन के जरिए रविवार को एंडोस्कोपिक कैमरा अंदर भेजा गया था। इसके जरिए मजदूरों से बातचीत की गई। उनकी गिनती भी की गई। फिलहाल, सभी मजदूर सुरक्षित हैं।

इसी 6 इंच वाली पाइप से मजदूरों के लिए सोमवार रात को 24 बोतल में खिचड़ी और दाल भेजी गई। 9 दिन बाद पहली बार मजदूरों को गर्म खाना भेजा गया। इसके अलावा संतरे, सेब और नींबू का जूस भी भेजा गया। मजदूरों की हर एक्टिविटी का पता लगाने के लिए अब दिल्ली से हाईटेक CCTV मंगाए जा रहे हैं। उनको अंदर भेजकर मजदूरों से सेट करवाया जाएगा।

इसके अलावा सोमवार को रेस्क्यू ऑपरेशन में दो अहम सफलता मिली। पहली, 6 इंच चौड़ी नई पाइपलाइन डाली गई। दूसरी, ऑगर मशीन के साथ काम कर रहे मजदूरों को किसी अनहोनी से बचाने के लिए रेस्क्यू टनल बनाई जा चुकी है। मंगलवार दोपहर तक टनल में 3 जगह से ड्रिलिंग शुरू होने की उम्मीद है।

टनल के अंदर फंसे मजदूरों की तस्वीरें…

ये फंसे मजदूरों की फुटेज है। वे दूसरी तरफ एक्सपर्ट टीम से बात करते नजर आ रहे हैं।
ये फंसे मजदूरों की फुटेज है। वे दूसरी तरफ एक्सपर्ट टीम से बात करते नजर आ रहे हैं।
एंडोस्कोपिक कैमरा अंदर पहुंचा तो मजदूरों के चेहरे पर मुस्कुराहट दिखी।
एंडोस्कोपिक कैमरा अंदर पहुंचा तो मजदूरों के चेहरे पर मुस्कुराहट दिखी।

एक्सपर्ट ने अंदर फंसे लोगों से क्या कहा…

एक्सपर्ट: वॉकी-टॉकी को ऑन करें।
एक्सपर्ट: शबा जी वॉकी टॉकी को ऑन करें।
एक्सपर्ट: शबा आवाज आ रही है क्या?
एक्सपर्ट: सभी खुश लग रहे हैं, हंस रहे हैं। पाइप पर पानी डाला तो खुल गया। वहां धूल क्यों दिख रही है। उसे बोलो कैमरे के स्क्रीन को थोड़ा रूमाल या कपड़े से साफ करे।
एक्सपर्ट: कैमरे पर सभी लोगों को दिखाओ। एक-एक करके गिनती करके साइड हो।
एक्सपर्ट: शबा जी आप पाइप के पास आकर वॉकी-टॉकी से बात करें। अब कैमरा बंद कर रहे हैं। कंप्रेसर से पीछे हट जाएं।