
रायपुरः कोरोना के बढ़ते संक्रमण और मरीजों के मौत के बाद शव का बदइंतजामी देखने को मिली रही है। ऐसा ही मामला राजधानी रायपुर के अंबेडकर अस्पताल से सामने आया है। जहां 55 वर्षीय महिला के मौत के बाद अस्पताल ने शव को घर ले जाने के लिए कोई एंबुलेंस का इंतजाम नहीं कराया। जिसके बाद परिजनों ने स्ट्रेचर में ही शव को लेकर निकल गए। आधा किलोमीटर शव को परिजनों ने ले जाया। जिसके बाद अस्पताल ने स्ट्रेचर को लेने के लिए एंबुलेंस भेजी। अंबेडकर अस्पताल से शास्त्री चैक तक ये शव इसी तरह स्ट्रेचर के चक्कों की गड़गड़ाहट भरी आवाज के साथ ले जाया जाता रहा। शाम का वक्त था, लॉकडाउन झेल रहे रायपुर की खाली सड़क पर कुछ लोग दवा और अस्पताल की आपा-धापी में बाहर निकले हुए थे। जिसने भी स्ट्रेचर धकेलती औरतों को देखा, हैरान रह गया। इस तरह शव को ले जाते देखने वालों के चेहरों पर कोई भाव ही नहीं बचा, हर कोई स्तब्ध था।हंगामा बढ़ा तो मौके पर मौदहापारा थाने की पुलिस भी पहुंची। काफी देर परिजन शव ले जाने के लिए परेशान होते रहे। जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो स्ट्रेचर पर पार्थिव देह लेकर निकल गए। आखिरकार शास्त्री चैक पर एक कार की मदद से अंतिम संस्कार के लिए शव को ले जाया गया। घर वालों ने स्ट्रेचर वहीं छोड़ दिया।











