कोरबा.जिले में अनेक स्थल पर अवैध रेतघाट का संचालन किया जा रहा है। शिकायत के बावजूद खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे क्षेत्र के लोगो में नाराजगी व्याप्त है। रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर व अन्य वाहनों की वजह से दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। सोमवार को बांकीमोगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्गी अहिरन नदी पर लगातार अवैध रेत उत्खनन को लेकर क्षेत्र के ग्रामवासियों ने चक्काजाम कर दिया। बांकीमोंगरा- कोरबा मुख्य मार्ग में आंदोलन की वजह से लोगों को आवागमन बंद हो गया और जाम लगने से परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्षेत्रवासियों का कहना था कि पूर्व में कलेक्ट्रेट एवं माइनिंग विभाग को इसके संबंध में कार्रवाई करे के लिए पत्र लिखा गया था, पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। इसलिए आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा। चक्काजाम की जानकारी मिलते ही बांकी मोंगरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश दिए, पर आंदोलनकारी अड़े। बाद में क्षेत्रीय तहसीलदार मौके पर पहुंच कर चर्चा किए, पर खनिज विभाग से किसी अधिकारी के नहीं आने पर चक्काजाम चक्काजाम खत्म नहीं हो सका। लगभग दो घंटे बाद खनिज विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। तदुपरांत आंदोलनकारियों के साथ पुन: वार्ता हुई। खनिज विभाग ने बलगी रेत घाट पर बेरिगेटिंग करने के साथ ही जेसीबी, ट्रैक्टर चलने वाले मार्गो की खुदाई कर आवागमन रोकने का आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने चक्काजाम समाप्त किया और आवागमन शुरू हो सका।











