Tuesday, October 27, 2026

BREAKING NEWS: शिक्षक प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे 6 शिक्षकों का सड़क हादसा

कांकेर, 24 अक्टूबर 2024: प्रदेशभर के शिक्षक आज अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में बड़ा धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच, प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे 6 शिक्षकों के साथ एक सड़क हादसा हो गया। पंखांजूर से कांकेर जिला मुख्यालय जाते समय दुर्गुकोंदल थानाक्षेत्र के पुत्तरवाही के पास शिक्षकों की कार एक पेड़ से जा टकराई। इस घटना में कार बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई, लेकिन कार में सवार सभी शिक्षकों को मामूली चोट आई है।

मांगों को लेकर नाराज़गी

प्रदेश के शिक्षकों में संविलियन के बाद उनकी वर्षों की पुरानी सेवा को शून्य किए जाने को लेकर बड़ी नाराज़गी है। इसके कारण शिक्षकों को कर्मचारियों को मिलने वाले त्रिस्तरीय क्रमोन्नति और समयमान वेतनमान से वंचित होना पड़ रहा है। इसके अलावा, पुरानी सेवा की गणना न होने से उन्हें ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) में पूर्ण पेंशन, ग्रेज्युटी और कैशलीव जैसी सुविधाओं में भी आंशिक लाभ ही मिल पाएगा।

शिक्षकों का कहना है कि वेतन विसंगति को दूर करने की बात मोदी गारंटी में वर्तमान सरकार ने अपने संकल्प पत्र में खुद लिखा है। ऐसे में अपनी इन मांगों को लेकर प्रदेश के 1 लाख 80 हजार शिक्षक आज 24 अक्टूबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में बड़े धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।