जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में इसाई समाज ने विधायक रायमुनि भगत पर भगवान यीशु के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विधायक पर कार्रवाई की मांग को लेकर समाज ने न्याय पदयात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस पदयात्रा में हजारों लोग लगभग 130 किलोमीटर की यात्रा करके आस्ता से बगीया पहुंचे, जहां वे मुख्यमंत्री कैंप में ज्ञापन सौंपने का प्रयास कर रहे थे। जब पदयात्रा सीएम कैंप के नजदीक पहुंची तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं रुके। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने NH-43 लोरो घाट के समीप सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक विधायक रायमुनि भगत के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।






