रायपुर-धमतरी के तीन युवकों मौत की पड़ताल में तीन महीने बाद खुलासा हुआ है। दुर्ग धनोरा के कंप्यूटर सेंटर संचालक 37 साल के सुखवंत साहू ने उनकी हत्या की है। खुद को नोटों की बारिश कराने वाला तांत्रिक बताने वाले सुखवंत ने हत्या की साजिश टीवी सीरियल सावधान इंडिया देखकर रची।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने एक एपिसोड में देखा था कि सायनाइड से एक युवक तीन लोगों की हत्या करता है। इससे मुंह से झाग नहीं आता व हत्या की पुष्टि नहीं होती। उसने रायपुर के दो लोगों को तंत्र पूजा का झांसा दिया। उनसे डेढ़-डेढ़ लाख ऐंठे।
जब उसका कहा सच नहीं हुआ ताे दोनों ने पैसे मांगना शुरू किए तो उन्हें अलग-अलग दिन गंगाजल में साइनाइड मिलाकर पिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम कराया। इसमें डॉक्टर ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई। पुलिस सामान्य मौत मानकर जांच करती रही।
हालांकि दोनों का बिसरा जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया था। इसी दौरान सुखवंत ने तीसरे साथी की धमतरी में पीट-पीटकर हत्या कर दी। शव को सुनसान जगह पर फेंककर भाग गया। धमतरी पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की।
इसमें दुर्ग के सुखवंत का मोबाइल नंबर निकला। यही नंबर अभनपुर और नवा रायपुर में मिला। डेढ़ साल में एक ही नंबर मर चुके तीनों के कॉल डिटेल में आया। खातों में लेन-देन दिखाई दिया। इसी नंबर से पुलिस का शक गहरा हो गया। तब तकनीकी जांच के बाद रायपुर पुलिस ने सुखवंत को हिरासत में लिया। उससे लंबी पूछताछ की। उसने तीनों हत्या की बात कबूल कर ली, लेकिन रायपुर पुलिस के पास दोनों हत्या का सबूत नहीं थे। धमतरी पुलिस ने अपने मामले में उसे गिरफ्तार किया।
10 हजार में मंगाया सायनाइड आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने ऑनलाइन 10 हजार रुपए में सायनाइड का ऑर्डर किया। उसे पानी में मिलाकर एक जानवर को पिलाया। इससे जानवर की मौत हो गई। तब गंगाजल में मिलाकर दोनों को दिया। आरोपी का दावा है कि उसने साधना से नोटों की बारिश की शक्ति प्राप्त की है। वह पीजीडीसीए की पढ़ाई किया है।
