बलौदाबाजार जिले में राइस मिल के मालिक ने एक किसान से मारपीट की है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें मिल संचालक और उसके साथी मिलकर खोरबाहरा जायसवाल को जूते-चप्पल, लात-घूंसों और लकड़ी से पीट रहे है।
घटना हथबंद थाना क्षेत्र के ग्राम खिलोरा का है। वीडियो में किसान पर चोरी का आरोप लगाते हुए लगातार 15-20 मिनट तक 4-5 लोग उसे मारते रहे। किसान अपने बचाव में कह रहा है कि उसे एक बार में ही पूरा मार डालो।
पीड़ित का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने पुलिस को फोन कर चोरी की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज कराई। वहीं परिजन जब थाने में रिपोर्ट लिखवाने गए तो पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।

ये है पूरा मामला
1 अप्रैल की रात खोरबाहरा जायसवाल नाम का किसान गांव में चल रहे रिकॉर्डिंग डांस प्रतियोगिता देखने गया था। रात करीब 12:30 बजे मिल मालिक के मुंशी शत्रुघ्न नौरंगे उसे स्कूटी पर अपने घर ले गए। वहां मिल मालिक रौनक अग्रवाल, पूर्व सरपंच देवनारायण साहू, शत्रुघ्न नौरंगे और उनके भाई गोरेलाल नारंग ने मिलकर उस पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने सिर को बचाते हुए मारपीट की, ताकि खून न निकले। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पीड़ित की पत्नी चंद्रवती जायसवाल, भतीजा दीपक जायसवाल और पुत्र चूमेश जायसवाल ने उसे तुरंत तिल्दा के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया।
मामले में पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध है। आरोपियों ने पुलिस को फोन कर पीड़ित पर ही चोरी का झूठा आरोप लगा दिया। पीड़ित के परिजन जब थाने रिपोर्ट लिखवाने गए, तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। तीन दिन अस्पताल में रहने के बाद पीड़ित को छुट्टी मिली।







