Monday, April 20, 2026

कोरबा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, भीषण आग में सवारों की जलकर मौत, पहचान अब तक अज्ञात

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। यह दर्दनाक हादसा ग्राम लैंगा-कारीमाटी मार्ग पर सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ। हादसे में कार सवार लोग वाहन से बाहर नहीं निकल सके और कार में ही जिंदा जल गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार कोरबा की ओर आ रही थी। कारीमाटी के पास एक मोड़ पर नियंत्रण खोने के बाद कार सड़क से उतर गई और सीधे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

कार में कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। कार बुरी तरह जल चुकी है, जिससे उसका रजिस्ट्रेशन नंबर तक मिट गया है। आशंका जताई जा रही है कि कार चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति पीछे की सीट पर मौजूद था, लेकिन शव बुरी तरह जल जाने से उनकी पहचान कर पाना संभव नहीं हो सका है।