Wednesday, May 6, 2026

अगर वाहन से दुर्घटना हुई तो चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे…


बिलासपुर: लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने वाले चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे। इसके लिए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को प्रस्ताव तैयार कर आरटीओ भेजने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को बिलासागुड़ी में समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने गंभीर अपराध व महिला संबंधी अपराध के जल्द निराकरण के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को एसपी प्रशांत अग्रवाल ने राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान एसपी ने कहा कि लाकडाउन के दौरान विवेचना की गति में कमी आई है। उन्होंने थानेदारों को लंबित अपराध व मौत के मामलों की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस दौरान गंभीर अपराध, महिला संबंधी अपराध व गुम बालक-बालिकाओं की पतासाजी करने के लिए कहा। एसपी ने थाना प्रभारियों को चोरी और लूट के मामलों का जल्द निराकरण के भी निर्देश दिए। इस दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपित को पकड़ने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान एसपी ने चोरी और लूट के मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थानेदारों को ऐसे मामलों का जल्द निराकरण कर आरोपित को पकड़ने कहा। वहीं, उन्होंने कोनी, बिल्हा और पचपेड़ी थाना क्षेत्र में अधिक मामले पेंडिंग होने पर नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने थाना प्रभारियों को इनका जल्द निराकरण करने के लिए कहा। एसपी ने बैठक के दौरान कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। उन्होंने थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को सार्वजनिक जगहों पर भीड़ एकत्रित होने से रोकने के लिए कहा। साथ ही पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए।