रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय कोसमनारा में पिछले 28 वर्षों से तपस्या में लीन बाबा सत्यनारायण को लेकर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बीते दो दिनों से वायरल हो रहे वीडियो और टिप्पणियों को लेकर साहू समाज सहित अन्य भक्तों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे एक वीडियो में बाबा सत्यनारायण एक बच्चे के साथ खेलते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर बच्चे के पिता ने भी अलग से शिकायत दर्ज कराई है। वहीं जिला साहू संघ रायगढ़ के अध्यक्ष डिग्री लाल साहू के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
समाज की भावनाएं आहत
ज्ञापन में कहा गया है कि बाबा सत्यनारायण केवल साहू समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज के लिए श्रद्धा और आस्था का केंद्र हैं। उनके खिलाफ की गई अपमानजनक और भड़काऊ टिप्पणियों से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। आरोप है कि संबंधित युवक ने सोशल मीडिया पर बाबा सत्यनारायण के विरुद्ध ‘ढोंगी’ और ‘बलात्कारी’ जैसे गंभीर, निराधार और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जो भारतीय दंड संहिता और आईटी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है।
पुलिस की कार्रवाई
साहू समाज की मांग पर पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है, वहीं समाज ने भी लोगों से संयम बरतने और कानून पर भरोसा रखने की अपील की है।








