‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का दूसरा एपिसोड प्रसारित, पीएम मोदी ने देशभर के छात्रों से किया संवाद

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का दूसरा एपिसोड शुरू हो गया है। इस एपिसोड का प्रसारण दूरदर्शन के विभिन्न चैनलों के साथ-साथ प्रधानमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है। इसके अलावा ऑल इंडिया रेडियो के माध्यम से भी श्रोता इस कार्यक्रम को सुन सकते हैं। कार्यक्रम का पहला एपिसोड 6 फरवरी को टेलीकास्ट हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर उन्हें परीक्षा के तनाव से मुक्त रहने के मंत्र दिए थे।

दूसरे एपिसोड में देश के विभिन्न राज्यों के छात्रों को एक मंच पर लाया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, गुजरात और असम के छात्रों से सीधे संवाद कर रहे हैं। छात्र पढ़ाई, परीक्षा, तनाव प्रबंधन और भविष्य की तैयारी से जुड़े कई सवाल पीएम मोदी से पूछ रहे हैं, जिनका वे सहज और प्रेरणादायक अंदाज में जवाब दे रहे हैं।

बताया गया कि इस एपिसोड का वीडियो नवा रायपुर में शूट किया गया है। गौरतलब है कि बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आए थे, जहां नवा रायपुर में डीजी/आईजी कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने होनहार विद्यार्थियों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के छात्रों ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी लाए। पीएम मोदी ने आत्मीयता के साथ छात्रों से मुलाकात की और अपने हाथों से उन्हें व्यंजन खिलाए, जिससे माहौल बेहद भावनात्मक और उत्साहपूर्ण हो गया।

‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ का यह सत्र छात्रों के लिए न केवल मार्गदर्शन का माध्यम बन रहा है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा की तैयारी करने की प्रेरणा भी दे रहा है।