दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समोदा में अफीम की अवैध खेती के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के भाई की अवैध दुकान पर बुलडोजर चला दिया। तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। मौके पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार अफीम की खेती के मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। इससे पहले इस मामले में पुलिस भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकार की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।
बता दें कि दुर्ग जिले के समोदा और झेनझरी गांव में विनायक ताम्रकार के खेत से बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद किए गए थे। पुलिस ने करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर लगी अफीम की फसल को पूरी तरह उखाड़ दिया है। जब्त की गई फसल का कुल वजन लगभग 62 हजार किलो बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने जब्त की गई अफीम की फसल को चार ट्रैक्टरों में भरकर सुरक्षित स्थान पर रखा है। अब इसे नष्ट करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए पर्यावरण विभाग से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही पूरी फसल को नष्ट कर दिया जाएगा।
यह पूरा मामला जेवरा-सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।






