Bijapur। जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां Pota Cabin Hostel में रहकर पढ़ाई करने वाली तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं। घटना सामने आते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गर्भवती पाई गई छात्राओं में दो छात्राएं 12वीं कक्षा की हैं, जबकि एक छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ती है। बताया जा रहा है कि 12वीं की दोनों छात्राएं हाल ही में Chhattisgarh Board of Secondary Education की बोर्ड परीक्षा देने भी पहुंची थीं, तभी मामले का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया है कि तीनों छात्राएं करीब 3 से 5 महीने की गर्भवती हैं। इनमें से दो छात्राएं नाबालिग बताई जा रही हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन छात्राओं के गर्भवती कार्ड भी बनाए गए थे। इससे यह सवाल उठ रहा है कि जब स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी थी तो छात्रावास प्रबंधन या संबंधित अधिकारियों तक सूचना क्यों नहीं पहुंची।
निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद छात्रावास में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। यह भी पूछा जा रहा है कि यदि छात्राएं लंबे समय से गर्भवती थीं तो इसकी जानकारी समय रहते प्रबंधन को क्यों नहीं मिल पाई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
पुलिस कर रही जांच
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम छात्रावास पहुंची और कर्मचारियों व संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।








