Friday, April 10, 2026

कुसमुंडा SECL कॉलोनी में जर्जर क्वार्टर का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला

कोरबा, 10 अप्रैल। जिले के SECL कुसमुंडा क्षेत्र स्थित विकास नगर कॉलोनी में खदान कर्मियों के आवासों की जर्जर हालत एक बार फिर उजागर हुई है। मंगलवार को एमडी-106 नंबर क्वार्टर का छज्जा अचानक ढह गया। गनीमत रही कि उस समय घर में मौजूद परिवार बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार, कॉलोनी के अधिकांश क्वार्टर बेहद खराब स्थिति में हैं। यहां आए दिन किसी न किसी मकान का हिस्सा टूटकर गिरता रहता है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि लगभग सभी आवास जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुके हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

SECL कर्मी देवा कुमार राउत ने बताया कि आवासों की बदहाली को लेकर प्रबंधन को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। रहवासियों का आरोप है कि प्रबंधन लापरवाही बरत रहा है और किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।

घटना के बाद कॉलोनी में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि वे अपने परिवार के साथ हर दिन डर के साए में जीने को मजबूर हैं। रात में भी छत या दीवार गिरने का डर बना रहता है।

वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि ये क्वार्टर दशकों पुराने हैं और लंबे समय से इनका रखरखाव नहीं हुआ है। बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे दीवारों में सीलन और रिसाव बढ़ जाता है।