कोरबा। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकारों के हित में पूर्व राजस्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील घोषणा की है। उन्होंने प्रेस क्लब कोरबा के किसी भी सदस्य पत्रकार के आकस्मिक निधन की स्थिति में उसके परिवार को 25 हजार रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता देने की बात कही है।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। वे कठिन परिस्थितियों, विपरीत मौसम और कई बार जोखिम उठाकर भी आमजन की आवाज को शासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में किसी पत्रकार के असमय निधन पर उसके परिवार को भारी आर्थिक और मानसिक संकट का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इस सहायता का उद्देश्य संकट की घड़ी में पत्रकार परिवारों को शुरुआती आर्थिक संबल देना है। भले ही यह राशि पूरी समस्या का समाधान न हो, लेकिन मुश्किल समय में यह एक सहारा जरूर बनेगी।
जयसिंह अग्रवाल ने पत्रकारों के योगदान को अमूल्य बताते हुए कहा कि समाज को भी उनके परिवारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए आगे आना चाहिए।
इस घोषणा का प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे पत्रकार हित में उठाया गया मानवीय और सराहनीय कदम बताया है। पत्रकारों का कहना है कि आकस्मिक निधन की स्थिति में यह सहायता राशि परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
जयसिंह अग्रवाल की इस पहल की पूरे पत्रकार जगत में चर्चा हो रही है और इसे संवेदनशीलता व सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण माना जा रहा है।











