कोरबा। दादर गांव में आवारा कुत्तों के हमले में 5 वर्षीय मासूम प्रकाश पटेल की दर्दनाक मौत के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे अधिकारियों की टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद दादर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू कराया गया।
आयुक्त ने लिया घटनास्थल का जायजा
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगम गंभीरता से काम करेगा।
15 से 20 आवारा कुत्ते पकड़े गए
नगर निगम की टीम ने दादर और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर 15 से 20 आवारा कुत्तों को पकड़ा। सभी कुत्तों को बधियाकरण और आवश्यक देखभाल के लिए नगर निगम के पशु नियंत्रण केंद्र भेजा गया है।
आयुक्त ने बताया कि निगम पहले भी आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चला चुका है। अब तक 1,000 से अधिक कुत्तों का बधियाकरण किया जा चुका है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मासूम पर कुत्तों ने किया था जानलेवा हमला
गौरतलब है कि गुरुवार को दादर में 5 वर्षीय प्रकाश पटेल अपने पिता किशोर पटेल से मिलने गया था, जो वहां मजदूरी कर रहे थे। वापस घर लौटते समय रास्ते में आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को बुरी तरह नोच डाला। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।










