Thursday, July 23, 2026

कोरबा में बांगो बांध का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट; हसदेव नदी किनारे बसे गांवों को चेतावनी

कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में जलभराव तेजी से बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग ने वर्षाकाल-2026 को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बांगो बांध का जलस्तर वर्तमान में 354.61 मीटर तक पहुंच गया है, जो कुल जलभराव क्षमता का करीब 71.67 प्रतिशत है। जलस्तर 359.66 मीटर पहुंचने पर बांध के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा सकता है।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि बांध में लगातार पानी की आवक बढ़ रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए हसदेव नदी के तटीय और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

संपत्तियां सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश

विभाग ने हसदेव नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आने वाले ग्रामीणों के साथ-साथ खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों, ठेकेदारों और अन्य संस्थानों को अपनी चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक आने वाली बाढ़ से होने वाली किसी भी क्षति के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।

कई गांवों में कराई जा रही मुनादी

संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित आसपास के गांवों में मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्युत संयंत्रों को पानी की आपूर्ति जारी

जल संसाधन विभाग ने बताया कि फिलहाल बांगो जलाशय से विद्युत संयंत्रों को पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। बांध की स्थिति, जलस्तर और बारिश की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर जल निकासी के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

कोरबा जिले में अब तक 409.7 मिमी बारिश दर्ज

मानसून की सक्रियता के कारण कोरबा जिले में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 21 जुलाई तक जिले में औसत 409.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

क्षेत्रवार बारिश की स्थिति देखें तो दर्री में सबसे अधिक 539.5 मिमी और करतला में सबसे कम 267.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा दीपका में 452 मिमी, पाली में 480.2 मिमी, पसान में 467.3 मिमी, जबकि कटघोरा और पोड़ी उपरोड़ा में 439 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।