Friday, July 24, 2026

UCC पर CM विष्णुदेव साय का बड़ा बयान, बोले- शीतकालीन सत्र में पारित किया जाएगा समान नागरिक संहिता विधेयक

रायपुर, 24 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित कमेटी की बैठक जल्द होगी। इसके बाद आने वाले शीतकालीन सत्र में UCC को पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह बयान कर्नाटक दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर गठित समिति की रिपोर्ट और आगे की प्रक्रिया के आधार पर सरकार निर्णय लेगी।

कांग्रेस प्रदर्शन पर CM साय ने साधा निशाना

वहीं कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन करने का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है।

सीएम साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह कश्मीर में पत्थरबाजी की घटनाएं होती थीं, उसी तरह कांग्रेस के लोग भी पत्थरबाजी पर उतर आए हैं। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कर्नाटक दौरे पर रवाना हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने कर्नाटक दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वह सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इस दौरान वे कई प्रबुद्धजनों से मुलाकात भी करेंगे।