Sunday, September 27, 2026

CG में व्हाट्सएप डीपी बदलकर करोड़ों की ठगी : बिहार और यूपी से चार आरोपी गिरफ्तार, देशभर में वारदात को दे चुके हैं अंजाम

रायपुर. व्हाट्सएप डीपी बदलकर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बिहार और उत्तरप्रदेश से पकड़े गए चारों आरोपियों ने डीवी प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी के मालिक का प्रोफाइल लगाकर मुंशी से 55 लाख रुपए वसूले थे. पुलिस के मुताबिक, शातिर ठगों ने देशभर में करोड़ों रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम दिया है. एडिशनल एसपी क्राइम पीतांबर पटेल ने मामले का खुलासा किया.प्रार्थी सतीश कुमार सरावगी ने तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह तेलीबांधा स्थित डीवी प्रोजेक्ट लिमिटेड में सीएफओ के पद पर कार्यरत है और प्रार्थी को संस्थान की ओर से अधिकारिक रूप से बैंक खातों के संचालन के लिए अधिकृत किया गया है. 14.09.2023 के दोपहर 02.44 बजे प्रार्थी के व्हॉट्सएप मोबाइल नं. 9424142780 में अज्ञात व्हॉट्सएप नंबर 8876262064 द्वारा एक मैसेज आया, जिसमें प्रार्थी के कम्पनी के डायरेक्टर दिनेश कुमार पटेल की फोटो लगी हुई थी और उस मैसेज में प्रार्थी को 25,90,609 रुपए की राशि अमन कुमार शर्मा नामक व्यक्ति के बैंक खाता नं. 50100622004602 में आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान करने का निर्देश दिया गया था.