Thursday, April 23, 2026

रेलवे की मनमानी पर छत्तीसगढ़ में आक्रोश: जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ने रेलमंत्री को सौंपा ज्ञापन

कोरबा, छत्तीसगढ़: राज्य की जनता रेलवे के निर्णयों से एक बार फिर परेशान हो रही है। छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों को पिछले कुछ वर्षों से बार-बार रद्द किया जा रहा है, जिससे यात्री सुविधाओं पर गंभीर प्रभाव पड़ा है। इस बार भी, रेलवे ने 2 से अधिक ट्रेनों को राजनांदगांव-कलमना रेलखंड में तीसरी लाइन जोड़ने के नाम पर 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, और खबर है कि 4 अगस्त तक 72 और यात्री ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।

यह कदम उस समय उठाया गया है, जब देशभर में रक्षाबंधन का प्रमुख त्योहार मनाया जा रहा है, और छत्तीसगढ़ के लोग अपने परिवारों से मिलने के लिए यात्रा की योजना बना रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों को रद्द किया जाना यात्रियों के लिए अत्याचार के समान है, और इस पर यात्रियों में भारी आक्रोश है।

जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (शहर) ने इस फैसले को बेहद गैर जिम्मेदाराना और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। कमेटी ने माननीय केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव जी को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें ट्रेनों के नियमित संचालन की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि रेलवे को यदि मेंटेनेंस कार्य करना था, तो इसके लिए समय सारणी का ऐसा प्रबंध करना चाहिए था, जिससे यात्रियों की सुविधा बाधित न हो।

पिछले चार वर्षों में देश की रेल सुविधाओं की स्थिति लगातार गिरती जा रही है। बिना कारण बताए और बिना कोई ठोस जानकारी दिए, ट्रेनों को अचानक रद्द कर देना अब एक आम समस्या बन चुकी है। छत्तीसगढ़ से चलने वाली सैकड़ों यात्री ट्रेनें अनेकों बार महीनों तक के लिए रद्द कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है।