Wednesday, July 29, 2026

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल पंप मैनेजर से 14 लाख की लूट:कैश जमा करने जा रहा था बैंक, कार सवार बदमाश हमला कर ले गए बैग

राजनांदगांव जिले में सोमवार को दिनदहाड़े मारुति पेट्रोल पंप के मैनेजर से 14 लाख रुपए की लूट हुई है। मैनेजर पैसों को बैंक में जमा करने जा रहा था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। मामला बागनदी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। घोरतलाव स्थित मारुति फ्यूल्स के मैनेजर राजाराम विश्नोई पेट्रोल पंप का पैसा बैंक में जमा करने के लिए अपनी बाइक से राजनांदगांव मुख्यालय जा रहा था।

मैनेजर पर हमला, 14 लाख से भरा बैग लूटकर भागे

जैसे ही मैनेजर चिचोला से लगभग 5 किमी दूर झंडातालाब-भरकाटोला के बीच स्थित एक बायो डीजल पंप के पास पहुंचा। उसी दौरान पीछे से आ रही एक ब्रेजा कार में सवार तीन लोगों ने मैनेजर पर हमला कर दिया। फिर 14 लाख रुपए से भरे बैग लूटकर भाग गए। पुलिस ने नेशनल हाईवे के अलावा आसपास के प्रमुख रास्तों में नाकेबंदी कर दी है।

सीसीटीवी में कैद हुई कार

बताया जा रहा है कि पुलिस को घटना को लेकर कुछ अहम जानकारियां भी मिली है। मैनेजर पर हमले के निशान भी मिले हैं। जांच के बाद स्थिति साफ होगी। सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद रंग की ब्रेजा कार कैद हुई है। जिसकी तलाश की जा रही है।

सभी थानों की पुलिस अलर्ट मोड़ पर

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा ने बताया कि, पुलिस की टीम आस-पास सीसीटीवी खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की तलाश में सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। इस दौरान मैनेजर को भी हल्की चोटें भी आई है। आईजी दीपक झा ने पूरे मामले की बारीकी से जांच के निर्देश दिए हैं।