भिलाई.महादेव सट्टा ऐप केस में दुर्ग पुलिस के कॉन्स्टेबल भीम सिंह यादव को बर्खास्त कर दिया गया है। इसे लेकर एसपी जितेंद्र शुक्ला ने गुरुवार को आदेश जारी किया है। भीम सिंह को नवंबर 2023 में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से ही वह जेल में बंद है।
वहीं ऐप के प्रमोटर रवि उप्पल पर भी दुर्ग पुलिस ने 35 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। एक दिन पहले ऐप संचालक सौरभ चंद्राकर के पर भी 35 हजार का इनाम घोषित किया था। सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल मिलकर ऑनलाइन सट्टे का कारोबार चला रहे थे।
दुर्ग रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि महादेव सट्टा ऐप प्रकरण काफी गंभीर है। इसके मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल फरार हैं। उनके बारे में कोई भी जानकारी जो भी व्यक्ति देगा और उनकी गिरफ्तारी कराएगा उसे घोषित किया गया इनाम दिया जाएगा।

आईजी ने 25, एसपी ने 10 हजार इनाम किया घोषित
इस मामले में आईजी दुर्ग ने रवि उप्पल के ऊपर 25 हजार के इनाम की घोषणा की है। वहीं एसपी दुर्ग ने भी 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इस तरह रवि के ऊपर 35 हजार रुपए इनाम घोषित किया गया है। महादेव ऐप छत्तीसगढ़ में बड़ा चुनावी मुद्दा था।








