युवक सड़क पर खड़े होकर अजीब हरकतें करने लगा। - Dainik Bhaskarजगदलपुर में शराबी बेटे ने अपनी मां की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद सड़क पर खड़े होकर हंगामा करने लगा। नशे में धुत युवक कहता रहा कि, मैं ब्रम्हा-विष्णु-महेश का अवतार हूं। जिस पर लोगों ने उसे बेदम पीटा। वहीं, मां की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, दशरथ राठौर (21) दंतेश्वरी वार्ड का रहने वाला है। युवक की मां ने पुलिस को बताया कि, 31 अक्टूबर को शराब पीने के लिए उसने पैसे मांगे। जब पैसे देने से मना किया, तो उसने पिटाई की, फिर घर की टीवी भी तोड़ दिया। बैग लेकर कहीं चला गया था।

इसके बाद 8 नवंबर को घर लौटा था। मां से फिर शराब के लिए पैसे मांगे। इस बार हाथ में धारदार हथियार पकड़ा था। जब पैसे नहीं दिए तो दोबारा पिटाई कर दी। महिला का कहना है कि, वो किसी तरह अपने घर से निकलकर पुलिस थाने पहुंची है।

पुलिस ने दशरथ राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने दशरथ राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सड़क पर निकलकर किया बवाल

पुलिस के घर पहुंचने से पहले ही युवक सड़क पर निकलकर बवाल करने लगा। अजीब हरकतें करने लगा। खुद को ब्रम्हा-विष्णु-महेश का अवतार बताकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। युवक की इस करतूत के बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। युवक की करतूत का वीडियो आज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

इस मामले में थाना प्रभारी लीलाधर रौठार ने बताया कि, युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से धारदार हथियार बरामद किया गया। उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।