Monday, September 28, 2026

ACCU का 2 भाईयों पर बरपा कहर, पहले जमकर पीटा, फिर भेज दिया थाने, पुलिस पर पैसे मांगने के इल्जाम

बिलासपुर। पुलिस की स्पेशल टीम एसीसीयू पर गंभीर आरोप लग रहे हैं. एसीसीयू टीम पर आरोप है कि चकरभाठा के मोबाइल दुकान संचालक को सट्टा खिलाने के आरोप में पुलिस पकड़कर ले गई. उसका बड़ा भाई जब अपने भाई के बारे में जानकारी लेने गया, तो एसीसीयू की टीम ने आरोपी के साथ उसकी भी जमकर पिटाई की.इतना ही नहीं बिना मुलाहिजा कराए चकरभाठा थाने भेज दिया. इस बात पर थाने में जमकर हंगामा हुआ. पीड़ितों ने पुलिस पर पैसा मांगने का आरोप लगाया है. पुलिस अफसरों की समझाइश पर मामला शांत हुआ.

बता दें, चकरभाठा कैंप निवासी सूरज रोहरा राधिका मोबाइल का संचालक हैं. जय रोहरा उनका छोटा भाई है. शनिवार की शाम जय रोहरा और चकरभाठा के ही शंकर रमानी को पुलिस सट्टा खिलाने के आरोप में गिरफ्तार कर एसीसीयू थाना ले आई.

इस बात की जानकारी लेने सूरज एसीसीयू थाने पहुंचा और अपने भाई की गिरफ्तारी का विरोध किया. ऐसे में एसीसीयू की टीम भड़क गई और सूरज के साथ जय की जमकर पिटाई शुरू कर दी.

बताया जा रहा है कि पुलिस ने मारपीट करने के बाद दोनों भाईयों को चकरभाठा थाने भेज दिया. इसी बीच चकरभाठा के व्यापारी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और घायलों का मुलाहिजा और इलाज कराने के साथ ही बेवजह पिटाई करने वाले पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर जमकर हंगामा किया.

परिजनों का आरोप है कि पैसे की मांग करते हुए एसीसीयू के जवानों ने दोनों भाईयों को इतना मारा है, कि वे चलने चलने फिरने योग्य नहीं है. अब वे कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा कर रहे हैं